जयपुर। पुरुषोत्तम मास के पावन उपलक्ष्य में आगामी 21 मई को चांदपोल स्थित प्राचीन परकोटा गणेश मंदिर में गुरु पुष्य नक्षत्र के विशेष संयोग पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गजानन महाराज का 101 किलो दूध और पंचामृत से महाअभिषेक किया जाएगा।
वैदिक द्रव्यों से होगा अभिषेक, धरेगी नवीन पोशाक- मंदिर के महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम गणपति जी के दुग्धाभिषेक से होगी। इसके बाद प्रथम पूज्य का दही, शहद, गंगाजल, केवड़ा, गुलाब जल और केसर जल सहित विभिन्न पवित्र वैदिक द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक प्रक्रिया संपन्न होने के बाद गणेश जी महाराज को सिंदूर का आकर्षक चोला चढ़ाया जाएगा और नवीन पोशाक धारण करवाकर मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा।
सामूहिक अथर्वशीर्ष पाठ और मोदक अर्पण- महंत पंडित अमित शर्मा ने बताया कि उत्सव के दौरान गणेश जी महाराज को गणपति अथर्वशीर्ष एवं गणपति अष्टोत्तर नामावली के मंत्रोच्चार के साथ मोदक (लड्डू) अर्पित किए जाएंगे। इस दौरान मंदिर प्रांगण में उपस्थित भक्तगण सामूहिक रूप से गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करेंगे और लंबोदर को दूर्वा (दूब) अर्पण की जाएगी।
भक्तों को मिलेगी हल्दी की गांठ और सुपारी – इस विशेष संयोग पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गणेश जी और माता लक्ष्मी के स्वरूप के प्रतीक रूप में सिद्ध की हुई हल्दी की गांठ और सुपारी का वितरण किया जाएगा, जिसे सनातन परंपरा में समृद्धि और सौभाग्य का सूचक माना जाता है। गुरु पुष्य नक्षत्र और पुरुषोत्तम मास के इस दुर्लभ संयोग को लेकर परकोटा क्षेत्र के गणेश भक्तों में खासा उत्साह है।



















