जयपुर। आमेर थाना पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने करीब 900 किलोमीटर तक पीछा करते हुए आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। कार्रवाई ऑपरेशन खुशी-XI के तहत की गई।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करन शर्मा ने बताया कि 5 अक्टूबर को परिवादी ने आमेर थाने में अपनी 14 वर्षीय बेटी के बिना बताए घर से गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस मुख्यालय की ओर से गुमशुदा और अपहृत बच्चों की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन खुशी-XI के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर-प्रथम आलोक सिंघल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त आमेर प्रतीक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि आरोपी किशोरी को ट्रेन से उत्तर प्रदेश की ओर ले गया है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, ट्रेन की लोकेशन और तकनीकी सहायता के आधार पर उसका पीछा शुरू किया।
पुलिस टीम जयपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर, आगरा और वाराणसी होते हुए करीब 900 किलोमीटर दूर भदोही पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मदद से गोपीगंज थाना क्षेत्र की जंगीगंज सराय चौकी इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को आरोपी के चंगुल से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में कैफ अली (21) निवासी गोपीगंज जिला भदोही, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।



















