जयपुर। अजमेर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक को दस्तयाब किया और 27 साल से फरार 15 हजार रुपए के ईनामी भगोड़े को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान में जिला पुलिस की यह 26वीं कार्रवाई है। दरगाह बाजार क्षेत्र से पकड़े गए मोहम्मद रफिकुल इस्लाम उर्फ सुमन (27) के अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिनापोल सीमा से पश्चिम बंगाल के रास्ते भारत आया और ट्रेन से अजमेर पहुंचा था। इस कार्रवाई के साथ अब तक 60 बांग्लादेशी नागरिक दस्तयाब किए जा चुके हैं।
दूसरी कार्रवाई में बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने 1999 से फरार 15 हजार रुपए के ईनामी कुंदन सिंह उर्फ कुशल सिंह को हल्द्वानी से गिरफ्तार किया। आरोपी ने 1999 में टैंकर का हॉर्स, वाहन के दस्तावेज और चालक का पहचान पत्र चोरी कर फरार होने के बाद लगातार पहचान बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर इनाम रखा था। आरोपी के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















