राजस्थानी घूंघट में कान्स पहुंचीं रुचि गुज्जर

0
43

मुंबई: 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल के भव्य रेड कार्पेट पर इस बार सिर्फ ग्लैमर और फैशन की चर्चा नहीं हुई, बल्कि महिलाओं की आज़ादी, पहचान और सामाजिक बदलाव की एक मजबूत आवाज़ भी गूंजी। बॉलीवुड अभिनेत्री रुचि गुज्जर ने अपने शाही राजस्थानी घूंघट-लुक के जरिए सदियों पुरानी जबरन घूंघट प्रथा के खिलाफ ऐसा प्रतीकात्मक संदेश दिया, जिसने दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

गुलाबी रंग के खूबसूरत पारंपरिक लहंगे, सिल्वर ज़री कढ़ाई, राजस्थानी आभूषणों और पारदर्शी घूंघट में नजर आईं रुचि गुज्जर ने भारतीय संस्कृति और विरासत का सम्मान करते हुए यह सवाल भी उठाया कि क्या परंपराएं महिलाओं की पहचान और आवाज़ को छिपाने का माध्यम बननी चाहिए? राजस्थान से ताल्लुक रखने वाली रुचि ने कहा, “मैंने घूंघट चुप रहने के लिए नहीं, बल्कि विरोध के रूप में पहना है। महिलाओं का सम्मान उनकी बराबरी, आत्मविश्वास और आज़ादी से होना चाहिए।”

डिजाइनर रूपा शर्मा द्वारा तैयार किए गए इस खास लुक ने सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत में बड़ी चर्चा बटोरी। कई लोगों ने इसे कान्स में भारत की सबसे निडर और सामाजिक रूप से प्रभावशाली मौजूदगियों में से एक बताया। रुचि गुज्जर ने इस बार सिर्फ रेड कार्पेट पर वॉक नहीं किया, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया।

(अनिल बेदाग)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here