निर्माणाधीन मकानों से कॉपर वायर चोरी करने वाला शातिर चोर और खरीदार कबाड़ी गिरफ्तार

0
40

जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकानों से एयर कंडीशनर (एसी) और बिजली के महंगे कॉपर वायर चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए कॉपर वायर बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकानों से एयर कंडीशनर (एसी) और बिजली के महंगे कॉपर वायर चोरी करने वाले शातिर चोर सैलू जाटव (22) निवासी सबलगढ़ जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) हाल बस्सी जयपुर और कबाडी जुम्मा उर्फ जुम्मा कबाड़ी (40) निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सेलू जाटव दिन के समय निर्माणाधीन और सूने मकानों की रेकी करता था। मौका मिलते ही वह कटर की सहायता से बिजली और एसी के कीमती कॉपर वायर निकालकर चोरी कर लेता था। आरोपी चोरी के तार कबाड़ी को बेचकर मिले पैसों से नशे की लत पूरी करता था।

पूछताछ में मुख्य आरोपी सैलू जाटव ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर वह जवाहर नगर की कच्ची बस्ती में कबाड़ी की दुकान चलाने वाले जुम्मा उर्फ जुम्मा कबाड़ी को बेचता था। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का माल मशरूका कॉपर वायर बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनसे शहर की अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी सरला यादव के साथ उपनिरीक्षक शिव कुमार, हैड कांस्टेबल कैलाश चंद और कांस्टेबल शंकर लाल की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here