शादी के दो दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन

0
53

जयपुर। चौमूं थाना क्षेत्र में शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन के लाखों रुपए के गहने और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित दूल्हे ने नई नवेली दुल्हन के खिलाफ चौमूं थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि चौमूं निवासी 23 वर्षीय युवक एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। उसी कंपनी में आरोपी युवती ग्राफिक डिजाइनर के रूप में कार्य करती थी। वर्ष 2024 से एक ही कंपनी में नौकरी करने के दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ और बाद में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे।

पीड़ित के अनुसार युवती ने ही उसे शादी का प्रस्ताव दिया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 8 मई को विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद युवक दुल्हन को अपने घर ले आया। 10 मई को परिवार की ओर से स्वागत समारोह (रिसेप्शन) का आयोजन भी किया गया। इस दौरान परिवार ने दुल्हन को सोने का सेट, हार, चूड़ियां, झुमके सहित अन्य आभूषण उपहार में दिए थे।

रिपोर्ट के अनुसार अगले दिन परिवार के सदस्य अपने-अपने काम से घर से बाहर चले गए। घर पर दुल्हन और उसकी बहन ही मौजूद थीं। इसी दौरान दोनों घर में रखे सोने के गहने और करीब 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गईं।

परिजन जब वापस लौटे तो घर पर दोनों नहीं मिलीं। काफी तलाश और संपर्क के प्रयास के बावजूद उनका कोई पता नहीं चला। जांच करने पर अलमारी में रखे गहने और नकदी भी गायब मिले। काफी समय तक खोजबीन के बाद पीड़ित युवक ने चौमूं थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी युवती की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here