पुलिस शहीद दिवस: कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले 154 पुलिसकर्मियों को नमन

0
47

जयपुर। देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों को बुधवार सुबह राजस्थान पुलिस ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी स्थित पुलिस शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शहीद पुलिसकर्मियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राघवेन्द्र सुहासा, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक मांगूसिंह शेखावत, संयुक्त निदेशक आसूचना ब्यूरो रमाकांत गुप्ता, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के पुलिस अधीक्षक रवि चौधरी, अकादमी निदेशक संजीव कुमार नार्जरी और जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल सहित वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान से प्रेरणा लेने का दिन

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद करने और उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा तथा बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर है। यह दिवस पुलिस की गौरवशाली परंपराओं और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान 154 पुलिसकर्मियों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। समारोह में इन वीर जवानों के साहस और समर्पण को याद किया गया।

पौधारोपण किया, रक्तदान शिविर में 49 यूनिट रक्त एकत्र

पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी परिसर में डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पौधारोपण किया। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं से संवाद कर उन्हें सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिविर में कुल 49 यूनिट रक्तदान हुआ।

त्रिमूर्ति पुलिस स्मारक पर भी दी श्रद्धांजलि

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति पुलिस स्मारक पर भी पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर डीजीपी कानून-व्यवस्था संजय अग्रवाल, जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को याद किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here