जयपुर। राजधानी में अवैध हुक्का बारों और स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ जयपुर दक्षिण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सी-स्कीम स्थित एक कैफे और अजमेर रोड के स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में अवैध हुक्का बार संचालित करने के आरोप में कैफे संचालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का पीते मिले सात ग्राहकों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं एक स्पा सेंटर से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि अशोक नगर, महेश नगर और सोडाला थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि अशोक मार्ग, सी-स्कीम स्थित ब्लूज़ कैफे एंड रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कैफे पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक तरुण को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके पर हुक्का पीते मिले सात ग्राहकों के खिलाफ भी कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने कैफे से हुक्का सामग्री, चिलम, पाइप और विभिन्न फ्लेवर जब्त किए हैं।
इसी क्रम में सोडाला चौराहे के पास स्थित वाइल्ड स्टोन स्पा सेंटर पर भी पुलिस ने छापा मारा। जांच के दौरान स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस ने चार व्यक्तियों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया। इनमें नवीन खंडूजा, विशल कंशल, रमन गुर्जर सहित अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
इसके अलावा महेश नगर थाना पुलिस ने न्यू सांगानेर रोड स्थित इन्फिनिटी स्पा सेंटर में भी आकस्मिक जांच की। पुलिस को दोनों स्पा सेंटरों में विभिन्न अनियमितताएं मिली हैं। इसके आधार पर संबंधित विभागों को पत्र लिखकर लाइसेंस निरस्तीकरण एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
डीसीपी राजर्षि राज ने कहा कि जयपुर दक्षिण क्षेत्र में किसी भी कैफे, रेस्टोरेंट या स्पा सेंटर की आड़ में नशे अथवा अवैध गतिविधियों को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा।



















