जयपुर। रामगंज थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी अफसरार खान और चार स्थायी वारंटों में वांछित अमित कुलवाल को गिरफ्तार किया है। वहीं मेहरुद्दीन कुरैशी के स्थायी जमानती वारंट का भी निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान थाना रामगंज पुलिस ने कुल 18 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर प्रथम नीरज पाठक तथा सहायक पुलिस आयुक्त रामगंज आदित्य पुनियां के सुपरविजन में थाना रामगंज पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की।
थानाधिकारी रामगंज पुलिस निरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयास कर करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी अफसरार खान को गिरफ्तार किया। साथ ही चार स्थायी वारंटों में वांछित अमित कुलवाल को भी दबोच लिया। इसके अलावा मेहरुद्दीन कुरैशी के स्थायी जमानती वारंट का निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार स्थायी वारंटियों में अफसरार खान (31) पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी हजरत उमर कॉलोनी, रामगंज तथा वर्तमान में पर्वत कॉलोनी, आमागढ़ निवासी शामिल है। वहीं अमित कुलवाल (40) पुत्र घनश्याम कुलवाल, निवासी सूरजपोल बाजार रामगंज तथा वर्तमान में विद्याधर नगर क्षेत्र का निवासी है। मेहरुद्दीन कुरैशी निवासी वार्ड संख्या 39, भट्टो का रास्ता, जयपुर के वारंट का भी निस्तारण किया गया।
पुलिस टीम में थानाधिकारी सुभाष चन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल रामलाल, कृष्ण कुमार, गोकुल चन्द्र तथा कांस्टेबल विपेन्द्र सिंह, सुभाष और रतिराम शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















