युवक की हत्या कर नदी किनारे दफनाया: मिट्टी से बाहर दिखी पैंट से खुला राज

0
116

जयपुर। जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को नदी किनारे गड्ढे में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को मिट्टी में दबा दिया, लेकिन जल्दबाजी में शव का कुछ हिस्सा बाहर रह जाने से वारदात का खुलासा हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जयपुर ग्रामीण एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे स्थानीय ग्रामीण अपने काम से निकले तो करवरपुरा स्थित नदी किनारे ताजा खुदी हुई मिट्टी दिखाई दी। पास जाकर देखने पर जमीन पर खून के निशान मिले तथा मिट्टी से शव का कुछ हिस्सा और पैंट बाहर नजर आई। सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने गड्ढे से शव बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान हरचंदपुरा (चंदवाजी) निवासी राकेश कुमार (28) पुत्र सुगलाराम जाट के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राकेश अविवाहित था और परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था।

पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर और गले पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। परिजनों के अनुसार राकेश शनिवार शाम घर से बाहर गया था, लेकिन रात आठ बजे तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने शनिवार रात नदी किनारे ही राकेश की हत्या की और शव को छिपाने के लिए वहीं गड्ढा खोदकर दफना दिया। हालांकि अंधेरे और पकड़े जाने के डर के कारण वे शव को पूरी तरह मिट्टी से नहीं ढक सके। शव का हिस्सा बाहर दिखाई देने से रविवार सुबह हत्या का राज खुल गया।

चंदवाजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here