जयपुर की सड़कों पर सख्ती: काली फिल्म लगाने वाले सबसे ज्यादा निशाने पर

0
36

जयपुर। राजधानी जयपुर में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 4 जून से 30 जून 2026 तक संचालित विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने पहले पांच दिनों में 2648 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वाहनों की संरचना में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, हूटर, प्रेशर हॉर्न, एयर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर अनाधिकृत शब्द और चिन्ह लगाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि अभियान के तहत 4 जून से 8 जून तक वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने के 1599 मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह लगाने पर 544, वाहन की बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन करने पर 453, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर लगाने पर 20, प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के 17 तथा वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन के 15 मामलों में चालान किए गए।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here