जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले एक शातिर मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस और डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले एक शातिर मोबाइल स्नैचर आकाश मेहरा (21) निवासी कोतवाली जिला टोंक हाल मुहाना को गिरफ्तार किया है।
श्याम नगर थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश मेहरा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मालवीय नगर, बजाज नगर, सांगानेर, जवाहर सर्कल, जवाहर नगर, झोटवाड़ा और टोंक फाटक थानों में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी से जुड़े कुल आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें पुलिस चालान भी पेश कर चुकी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छीने गए अन्य मोबाइल फोन किसे बेचे गए और उसके साथ इस अपराध में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में मोबाइल स्नैचिंग की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी में जयपुर दक्षिण साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

















