अस्पतालों और बस स्टैंडों पर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

0
59
Two cunning criminals from a gang that stole mobile phones at hospitals and bus stands arrested.
Two cunning criminals from a gang that stole mobile phones at hospitals and bus stands arrested.

जयपुर। राजधानी में अस्पतालों और बस स्टैंडों पर सो रहे मरीजों के परिजनों व यात्रियों की जेब से मोबाइल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपए मूल्य के 8 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल आगे अन्य अपराधियों को बेच देते थे। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि एसएमएस अस्पताल थाना पुलिस ने अस्पतालों और बस स्टैंडों पर सो रहे मरीजों के परिजनों व यात्रियों की जेब से मोबाइल चोरी करने वाले मुन्ना उर्फ ईद्दु (32) निवासी भट्टाबस्ती तथा सलीम खान उर्फ छमिया (28) निवासी भट्टाबस्ती को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एसएमएस अस्पताल, महिला चिकित्सालय (सांगानेरी गेट), जनाना अस्पताल (चांदपोल) तथा विभिन्न बस स्टैंडों पर सक्रिय रहते थे। रात के समय सो रहे मरीजों के परिजनों और यात्रियों की रेकी कर मौका मिलते ही उनकी जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार मुन्ना उर्फ ईद्दु के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी के प्रयास, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सलीम उर्फ छमिया के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में 12 मुकदमे विचाराधीन हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें वीवो, रेडमी, ओप्पो, टेक्नो सहित विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों में परिवादी सुल्तान योगी का चोरी हुआ वीवो वाई-28 मोबाइल भी शामिल है। तीन मोबाइल फोन फिलहाल लॉक हैं, जिनके मालिकों की पहचान की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के मोबाइल खरीदने वाले लोगों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल हनुमान की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here