जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में पैसे का दांव लगाकर ताश खेल रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 हजार रुपये की जुआ राशि और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि खोराबीसल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किशनपुरा खाल्डा स्थित राधे नगर प्रथम के एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां चार व्यक्ति पैसे का दांव लगाकर ताश खेलते हुए पाए गए।
पुलिस ने राजवीर प्रजापति (31) निवासी भिंड, मध्य प्रदेश हाल निवासी निवारू जयपुर,राजू बंजारा (27) निवासी निवारू कच्ची बस्ती जयपुर,मुकेश वर्मा (37) निवासी किशनपुरा खाल्डा जयपुर और राजेंद्र वर्मा (24) निवासी गणेश वाटिका जयपुर को गिरफ्तार किया है और साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 हजार रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस (आरपीजीओ) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक स्वामी, कांस्टेबल रामसिंह, शीशराम, सुरेश, प्रेमचंद, गुरुदयाल, विकास, चालक कांस्टेबल मुकेश, सुनील तथा महिला कांस्टेबल सरिता शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई में कांस्टेबल शीशराम और रामसिंह की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और सूचना संकलन के आधार पर जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता मिली।



















