जयपुर। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने साइकिल चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 11 साइकिल बरामद की हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि मालपुरा गेट थाना पुलिस ने साइकिल चोरी करने वाले एक शातिर चोर संतोष (42) निवासी करौली हाल सांगानेर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से थाना क्षेत्र से चोरी की गई कुल 11 साइकिलें बरामद की गईं। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी उदयभान यादव ने बताया कि सांगानेर निवासी लक्ष्मी नारायण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर खड़ी फायरफॉक्स कंपनी की साइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
इस संबंध में मालपुरा गेट थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों से सूचना जुटाई। तकनीकी एवं आसूचना आधारित जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को धर—दबोचा।

















