फिल्मी अंदाज में डकैती: परिवार को बंधक बनाकर 60 तोला सोना और नकदी लूटी

0
52

जयपुर/झुंझुनू। झुंझुनू शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पिपली चौक इलाके में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि हथियारबंद डकैतों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। 6 से 7 नकाबपोश बदमाश एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर में घुसे, पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और करीब एक घंटे तक घर में आतंक मचाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।

वारदात मलसीसर रोड स्थित वार्ड संख्या 59 निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी शब्बीर सैय्यद उर्फ बाबू के घर में हुई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस जाप्ते और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कनपटी पर रिवाल्वर तान कर बनाया बंधक

कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार के अनुसार रात करीब 1:15 बजे पूरा परिवार गहरी नींद में था। इसी दौरान चेहरे ढके 6 से 7 हथियारबंद डकैत घर में घुस आए। बदमाश सीधे शब्बीर सैय्यद के कमरे में पहुंचे और उनकी कनपटी पर रिवाल्वर तान कर हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों को भी एक जगह इकट्ठा कर एक कमरे में बंद कर दिया गया।

डकैतों को थी घर और कारोबार की पूरी जानकारी

वारदात के दौरान बदमाशों की बातचीत से साफ संकेत मिले कि उन्हें परिवार और कारोबार से जुड़ी अहम जानकारियां पहले से थीं। घर में घुसते ही उन्होंने पूछा, “शब्बीर कौन है?” तथा परिवार की काली एसयूवी गाड़ी के बारे में भी जानकारी ली। बदमाशों ने दावा किया कि उन्हें किसी व्यक्ति ने यहां भेजा है और घर में भारी संपत्ति होने की जानकारी दी है। इससे पुलिस रेकी और अंदरूनी सूचना देने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

10 वर्षीय बच्चे तक को नहीं बख्शा

डकैतों ने घर में मौजूद सभी लोगों के हाथ-पैर चादरों, कपड़ों और टेप से बांध दिए। 10 वर्षीय बच्चे को भी नहीं छोड़ा गया। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर दिया गया। इसके बाद बदमाशों ने अलमारियों की चाबियां लेकर पूरे घर की तलाशी ली और महिलाओं के पहने हुए जेवर तक उतरवा लिए। एक छोटी बच्ची के कानों से झुमके तक निकाल लिए गए।

लाखों का माल समेटकर फरार

परिवार के अनुसार डकैत करीब 50 से 60 तोला सोने के आभूषण, सवा से डेढ़ किलो चांदी के जेवर तथा डेढ़ से दो लाख रुपए नकद लूटकर ले गए। बदमाशों के पास देशी कट्टे, रिवॉल्वर और चाकू जैसे घातक हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने पूरे परिवार को दहशत में रखा।

यूपी कनेक्शन की भी जांच

पीड़ित परिवार का कहना है कि डकैतों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की प्रतीत हो रही थी। वारदात के दौरान बदमाशों ने कथित रूप से कहा, “जो यूपी से शादी करके लाया है, उसी ने हमें यहां भेजा है।” इस बयान के बाद पुलिस संभावित यूपी कनेक्शन और सूचना देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

जाते-जाते सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए

सबूत मिटाने के लिए बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर तोड़कर अपने साथ ले गए। हालांकि पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 1:20 बजे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही का रूट खंगाल रही है।

एफएसएल टीम जुटा रही तकनीकी साक्ष्य

एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डकैती को बेहद गंभीरता से लिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा संदिग्ध नेटवर्क के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के व्यस्त और आबादी वाले इलाके में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस का दावा है कि डकैती की वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here