जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रक के केबिन में अचानक आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
पुलिस के अनुसार हादसा दोपहर करीब 3:30 बजे रिंग रोड के पास हुआ। अलवर से गैस सिलेंडरों की टंकियां लेकर एक ट्रक जयपुर के सीतापुरा स्थित गैस प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान चलते ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
चालक भूर सिंह निवासी सपोटरा (करौली) ने तत्काल ट्रक को हाईवे किनारे रोक कर बाहर छलांग लगा दी। गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन दोनों ओर का यातायात रोक दिया। साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई।
जांच में सामने आया कि ट्रक में 359 एलपीजी सिलेंडर टंकियां लदी हुई थीं, लेकिन सभी खाली थीं। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। दमकल विभाग की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद केबिन में लगी आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।



















