जयपुर। सांगानेर थाना पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन चोरी की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और क्षेत्र में अनावश्यक अफरा-तफरी फैलाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी परिचित महिला से पैसे मांगने के विवाद के चलते वाहन चोरी की फर्जी कहानी रचकर पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि 20 जून 2026 को रात पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि एक स्कॉर्पियो क्लासिक ब्लैक मॉडल यात्री नगर सेकेंड, सांगानेर क्षेत्र से चोरी हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आदर्श नगर, गांधी नगर और प्रतापनगर थाना पुलिस के साथ सीएसटी, तकनीकी टीम और विशेष पुलिसकर्मियों को वाहन की तलाश में लगाया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर जांच-पड़ताल और पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान वाहन स्वामी मनीष पालीवाल से पूछताछ की गई। प्रारंभ में उसने वाहन चोरी होने और चाबी बाथरूम में भूल जाने की बात कही। लेकिन जब पुलिस ने गहन जांच की तो मामला संदिग्ध लगा। तकनीकी जांच और पूछताछ में सामने आया कि मनीष ने अपने एक परिचित से पैसे मांगने के विवाद को लेकर वाहन चोरी की झूठी कहानी बनाई थी। उसने जिस व्यक्ति को वाहन की चाबी दी थी, उसी से वाहन वापस लेने का विवाद चल रहा था, जबकि वाहन वास्तव में किसी अज्ञात चोर द्वारा नहीं ले जाया गया था।
पुलिस ने बताया कि मनीष को वाहन का सही पता होने के बावजूद उसने पुलिस को चोरी की झूठी सूचना दी और 100 नंबर पर भी बार-बार फोन कर पुलिस को गुमराह करता रहा। उसकी झूठी सूचना के कारण यात्री नगर सेकेंड, सांगानेर क्षेत्र में लोगों के बीच असुरक्षा और भ्रम का माहौल पैदा हो गया तथा पुलिस का काफी समय और संसाधन भी व्यर्थ हुए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मनीष पालीवाल निवासी माधोराजपुरा जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया।



















