जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि परिवादी सुरेश सैनी ने 12 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सिंधी कैंप स्थित उनकी दुकान के बाहर खड़ी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी माधो सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व खुफिया सूचनाएं जुटाईं। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजेन्द्र महावर उर्फ कालू (32) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सवाई माधोपुर जिले का मूल निवासी है और फिलहाल जयपुर में फुटपाथ पर रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में सब-इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, कांस्टेबल सूबे सिंह एवं श्रवण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















