जयपुर। शहर के बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित नीट री-एग्जाम के दौरान एक छात्रा के पास मोबाइल फोन मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही परीक्षा प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार परीक्षा केंद्र पर कुल 240 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। गुर्जर की थड़ी निवासी एक छात्रा परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंची थी। परीक्षा के दौरान शाम करीब 5 बजे ड्यूटी पर तैनात एक महिला वीक्षक को छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। संदेह होने पर छात्रा की सघन तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल मिलने की सूचना मिलते ही परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर बिंदायका थानाधिकारी विनोद कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण, अतिरिक्त डीसीपी राजेश गुप्ता, बगरू एसीपी दीपक खंडेलवाल तथा वैशाली नगर एसीपी अनिल शर्मा भी परीक्षा केंद्र पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के चलते परीक्षा केंद्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
पुलिस ने छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। छात्रा के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मोबाइल फोन अंदर तक कैसे पहुंचा।
पुलिस और परीक्षा प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह, नकल माफिया या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। फिलहाल मोबाइल फोन की जांच की जा रही है और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।



















