ढाई लाख के कर्ज के लिए भतीजे ने की ताई की हत्या

0
42
Nephew murders aunt over a debt of ₹2.5 lakh.
Nephew murders aunt over a debt of ₹2.5 lakh.

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। करीब ढाई लाख रुपए के कर्ज में डूबे एक युवक ने अपनी सगी ताई की हत्या कर पैरों में पहने चांदी के कड़े लूट लिए। कड़े निकालने के लिए उसने धारदार हथियार से मृतका के दोनों पैर काट दिए। हत्या के बाद शव को पहले गड्ढा खोदकर दफनाया गया और बाद में पकड़े जाने के डर से साले की मदद से कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज बैरवा (24) निवासी बल्लूपुरा, शिवदासपुरा तथा उसके साले विनोद बैरवा (24) निवासी गड़ियों की ढाणी, कानोता को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी सूरज बागवानी (नर्सरी) का काम करता है और शराब पीने का आदी है। उस पर करीब 2.53 लाख रुपए का कर्ज था। उसे पता था कि उसकी ताई बीना देवी (53) पैरों में करीब एक किलो वजनी चांदी के कड़े पहनती हैं। कर्ज चुकाने के लिए उसने हत्या और लूट की साजिश रची।

थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि के अनुसार 11 जून की सुबह बीना देवी ने तबीयत खराब होने पर सूरज से पदमपुरा की तरफ दवा दिलाने के लिए साथ ले चलने को कहा। इस पर सूरज ने उन्हें ढूंढ नदी क्षेत्र में घास खुदवाने के बहाने अपने साथ ले गया। दोपहर करीब 12 बजे सुनसान इलाके में घास काटने के दौरान उसने पीछे से फावड़े से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दांतली (हंसिया) से दोनों पैर काटकर चांदी के कड़े निकाल लिए तथा नाक और कान के गहने भी उतार लिए। बाद में शव को वहीं गड्ढा खोदकर दफना दिया।

हत्या के बाद आरोपी दिन में परिजनों के साथ मिलकर ताई को तलाशने का नाटक करता रहा, लेकिन रातभर पकड़े जाने के डर से परेशान रहा। अगले दिन वह घटनास्थल पर लौटा और करीब 50 मीटर दूर स्थित कुएं को देखकर शव ठिकाने लगाने की नई योजना बनाई। उसने अपने साले विनोद को बुलाकर पूरी घटना बताई और उसकी मदद से दफनाया गया शव बाहर निकाला। दोनों ने साड़ी से शव के साथ एक भारी पत्थर बांधा और उसे 60 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया, ताकि शव ऊपर न आ सके।

एसीपी (चाकसू) भवानी सिंह ने बताया कि आरोपी रोज कुएं पर जाकर यह देखने आता था कि कहीं शव पानी में ऊपर तो नहीं आ गया। 18 जून को कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल में कई क्राइम सीरियल और यूट्यूब पर पुलिस से बचने के तरीके बताने वाले वीडियो मिले। पूछताछ में सामने आया कि वह पुलिस जांच को भटकाने के लिए पहले से योजना बनाकर चल रहा था। मृतका के परिवार में बहुओं को दिए गए जेवरों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी को उम्मीद थी कि जेवर गायब होने पर पुलिस का शक मृतका के बेटों पर जाएगा और वह बच निकलेगा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चांदी के कड़े और अन्य आभूषण बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here