स्पा सेंटरों की आड़ में नियम उल्लंघन पर पुलिस का शिकंजा: 3 सेंटरों पर छापेमारी में 10 युवतियां सहित 14 गिरफ्तार

0
28
14 arrested, including 10 young women, in raids on 3 centers.
14 arrested, including 10 young women, in raids on 3 centers.

जयपुर। राजधानी में स्पा सेंटरों की आड़ में नियमों की अवहेलना और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट का विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में बजाज नगर थाना पुलिस एवं जयपुर पूर्व की स्पेशल टीम ने टोंक रोड और विवेक विहार क्षेत्र में संचालित तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 10 महिला कर्मचारियों और 4 पुरुषों सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।

थानाधिकारी रामधन डोभाल ने बताया कि क्षेत्र में संचालित करीब 11 स्पा सेंटरों के संचालकों को पूर्व में पुलिस आयुक्तालय की गाइडलाइन उपलब्ध कराते हुए सख्त चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद औचक निरीक्षण के दौरान एलीस थाई स्पा (टोंक रोड), ब्ल्यू स्टार थाई स्पा (लक्ष्मी मंदिर सिनेमा के पास) और बुर्ज फैमिली थाई स्पा (विवेक विहार) में नियमों का उल्लंघन पाया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों स्पा सेंटरों से कुल 14 लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों और उनकी आड़ में होने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस कमिश्नरेट की गाइडलाइन के अनुसार स्पा सेंटरों में पुरुष एवं महिला सेक्शन अलग होना, ग्राहकों की आईडी और रिकॉर्ड रखना, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, कार्य समय में मुख्य द्वार खुला रखना तथा लाइसेंस और अन्य आवश्यक जानकारियों का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल धर्म सिंह, कांस्टेबल रामावतार, भरत लाल, महेंद्र कुमार, महिला कांस्टेबल रेखा, हेड कांस्टेबल सीताराम कुंतल तथा चालक राजेश सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई को सफल बनाने में हेड कांस्टेबल धर्म सिंह, कांस्टेबल रामावतार और कांस्टेबल महेंद्र की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here