जयपुर। सांगानेर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। थप्पड़ों और घूंसों से हमला करने के बाद उसने पिता को जमीन पर गिराकर लात भी मारी। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार घटना 19 जून को सांगानेर थाना क्षेत्र की मारुति नगर कॉलोनी, चंदलाई में हुई। बुजुर्ग आनंदी लाल और उनके बेटे धनपत के बीच घरेलू विवाद के दौरान कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी बेटे ने पिता के साथ मारपीट कर दी। हमले में बुजुर्ग घायल हो गए।
घटना के बाद 21 जून को पीड़ित पिता की शिकायत पर सांगानेर थाने में मामला दर्ज कराया गया। थानाधिकारी लिखमाराम ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पाबंद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिता और बेटा एक ही मकान में रहते हैं। घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बेटे ने रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखते हुए अपने पिता के साथ मारपीट की।
इधर घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग बुजुर्ग पिता के साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


















