द्रव्यवती नदी में बहे 11 वर्षीय बालक का शव बरामद

0
50

जयपुर। शिप्रापथ थाना क्षेत्र में द्रव्यवती नदी में बह गए 11 वर्षीय बालक का शव शुक्रवार को सिविल डिफेंस की टीम ने साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। शव घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर महारानी फार्म के पास मिला। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोनू उर्फ मोहित (11) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गुरुवार को बारिश के दौरान वह खेलते समय रेलिंग पकड़कर खड़ा था। इसी दौरान उसका हाथ रेलिंग से फिसल गया और वह द्रव्यवती नदी में गिरकर तेज बहाव में बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। शुक्रवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे की लगातार मशक्कत के बाद टीम ने नदी से बालक का शव बरामद कर लिया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया है। शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक का परिवार दो दिन पहले ही जगन्नाथपुरी में किराये के मकान में रहने आया था। इससे पहले परिवार बजाज नगर क्षेत्र में किराए से रह रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here