
जयपुर। राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति का धरना शुक्रवार को लगातार 14वें दिन भी सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर जारी रहा। धरने का नेतृत्व के.के. यादव, शवाना बानो,अशोक यादव और रीना स्वामी ने किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी नर्सेज ने रामधुन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को दोहराया।
प्रदेश संयोजक राजेंद्र राणा,नरेंद्र सिंह शेखावत,पवन मीणा,गुड्डी सैनी और पुरुषोत्तम कुम्भज ने बताया कि जयपुर के अलावा जोधपुर,अजमेर,करौली, बाड़मेर और सीकर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी धरना जारी है।
उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति की प्रमुख मांग हटाए गए सभी नर्सेज को सरकार के पूर्व वादे के अनुसार पुनः सेवा में बहाल करना तथा मृतक दीपक के परिवार को न्याय दिलाना है। इन मांगों के पूरा होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संघर्ष समिति ने बताया कि आंदोलन के क्रम में शनिवार को धरना स्थल पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी और उनके परिजन शामिल होंगे। समिति ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन का समाधान करने की मांग की है।
















