जयपुर। ज्येष्ठ शुक्ल द्वादशी पर शुक्रवार को राम-लक्ष्मण द्वादशी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। त्रिपोलिया बाजार स्थित तंवर जी का नोहरा परिसर में श्री शिव शक्ति हनुमान मंदिर में श्री मन्न नारायण प्रन्यास मंडल की ओर से भगवान भोलेनाथ का सहस्त्र घटाभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चना का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पंडित दिनेश शर्मा के आचार्यत्व में पांच विद्वान पंडितों ने कलश स्थापना, गणेश-गौरी मंडल निर्माण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद श्री मन्न नारायण प्रन्यास मंडल के अध्यक्ष पंडित तरुण भारती ने भगवान शिव का सहस्त्र घटाभिषेक किया।

अभिषेक से पूर्व भगवान भोलेनाथ का पंचामृत, विजया, ईक्षु रस (गन्ने का रस) तथा विभिन्न औषधीय द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इसके उपरांत आकर्षक पुष्प श्रृंगार कर भगवान की जल विहार झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।

शंख, घंटा और घड़ियाल की मंगलध्वनि के बीच महाआरती संपन्न हुई। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर एडवोकेट कमलेश शर्मा, शीला शर्मा, नंदन भौमियां, शीतल शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here