जयपुर। राजधानी के रामगंज बाजार स्थित कोठी कोलियान निवासी जया महावर ने अपने पुत्र यश महावर की संदिग्ध मौत के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा परिवार मुहाना थाने के बाहर धरना देगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जया महावर ने बताया कि उनके पुत्र का करीब एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगे थे, जिसके बाद यश कोटा में नौकरी करने चला गया था। 11 जून को जयपुर आने के बाद रात में सूचना मिली कि वह गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में एसएमएस अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि मृतक की पत्नी और उसकी मां उसे अस्पताल में छोड़कर चली गई थीं। उनका कहना है कि मामले में ससुराल पक्ष की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर हत्या सहित सभी प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। परिवार ने सवाल उठाया कि यदि यह आत्महत्या है तो ससुराल पक्ष ने उसे बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया, कोई सुसाइड नोट क्यों नहीं मिला और घटना के बाद कोई अस्पताल या शोक व्यक्त करने क्यों नहीं आया।
परिजनों का कहना है कि घटना को 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। उन्होंने राज्य सरकार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर मुहाना थाने के बाहर धरना करने की चेतावनी दी है।



















