जयपुर। वीआईपी मूवमेंट के दौरान गंभीर रूप से झुलसी मोमोज विक्रेता रेशु गुप्ता के समर्थन में समाजसेवी मानसी सांखला आगे आई हैं। रविवार को उन्होंने रेशु गुप्ता के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना, आर्थिक सहयोग प्रदान किया और पीड़िता को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग भी उठाई।
मानसी सांखला ने कहा कि रेशु गुप्ता अपने परिवार का पालन-पोषण मोमोज का ठेला लगाकर करती हैं। वीआईपी मूवमेंट के दौरान हुई घटना में खौलता पानी गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनशील घटना है। एक महिला होने के नाते वह रेशु का दर्द अच्छी तरह महसूस कर सकती हैं। किसी मेहनतकश महिला के साथ ऐसी घटना होना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है।
रेशु गुप्ता से मुलाकात के दौरान मानसी सांखला भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि “एक महिला का दर्द दूसरी महिला ही समझ सकती है।” उन्होंने पीड़िता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में समाज का हर सक्षम व्यक्ति आगे आकर मदद करे, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक और मानसिक संबल मिल सके। इस अवसर पर मानसी सांखला और ऋषिकेश गुप्ता ने रेशु गुप्ता को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। साथ ही परिवार को भरोसा दिलाया कि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में भी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मानसी सांखला ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वीआईपी मूवमेंट के दौरान आमजन की सुरक्षा और उनके रोजगार को प्रभावित किए बिना प्रभावी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सुरक्षा प्रबंधन के दौरान आम लोगों को अनावश्यक नुकसान न उठाना पड़े। समाज के सभी वर्गों से उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की अपील भी की।
रेशु गुप्ता के परिजनों ने इस कठिन समय में सहयोग और संवेदना व्यक्त करने के लिए मानसी सांखला का आभार जताया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी उनकी इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण बताया।



















