जयपुर। राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों ने राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव से मुलाकात कर अपनी लंबित समस्याओं और खेल के विकास से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों ने वर्ष 2022 से अब तक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की लंबित पुरस्कार राशि तत्काल जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नियमानुसार यात्रा और दैनिक भत्ता (टीए-डीए) देने, राज्य सरकार की 2 प्रतिशत खेल आरक्षण नीति का लाभ बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों को भी उपलब्ध कराने तथा आगामी खेलो राजस्थान गेम्स में इस खेल को शामिल करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद और खेल विभाग से मान्यता प्राप्त सभी खेलों के खिलाड़ियों के साथ समान व्यवहार करते हुए सुविधाएं, अनुदान और प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ देने की मांग की गई।
खिलाड़ियों ने मान्यता, पात्रता, अनुदान और पुरस्कार राशि से जुड़े निर्णय सरकारी नियमों एवं वास्तविक अभिलेखों के आधार पर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से लेने की बात कही। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निस्तारण के लिए समय-सीमा तय करने का भी आग्रह किया।
खिलाड़ियों ने परिषद सचिव को बताया कि राजस्थान के बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, लेकिन उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान, प्रोत्साहन और सरकारी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
कई बार पत्राचार और अधिकारियों से संपर्क के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। खिलाड़ियों ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने और प्रदेश में बॉल बैडमिंटन के विकास के लिए सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा जताई।

















