जयपुर। बीएनआई जयपुर की आठवीं वार्षिक स्पोर्ट्स लीग (बीजेएसएल) का आयोजन 5 दिसंबर से 24 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस बार लीग में बीएनआई जयपुर से जुड़े 500 से अधिक महिला एवं पुरुष उद्यमी और व्यवसायी हिस्सा लेंगे। आयोजन को लेकर हुए प्लेयर ऑक्शन में खिलाड़ियों पर कुल 2.80 करोड़ रुपए से अधिक की बोली लगाई गई। आईपीएल की फ्रेंचाइजी आधारित नीलामी मॉडल की तर्ज पर आयोजित इस लीग में खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन के माध्यम से किया गया है।
लीग में क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, शतरंज और पिकलबॉल सहित छह खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन खेलों के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और विभिन्न टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। रूवी डिजिटल इस संस्करण का टाइटल स्पॉन्सर है। कंपनी विज्ञापन और ब्रांडिंग के क्षेत्र में कार्यरत है।
बीएनआई जयपुर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षय गोयल ने कहा, “खेल और उद्यमिता दोनों ही क्षेत्रों में नेतृत्व, अनुशासन, निरंतरता और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जिस तरह एक सफल व्यवसाय के लिए टीम के प्रत्येक सदस्य का योगदान जरूरी होता है, उसी तरह खेल के मैदान में भी सामूहिक प्रयास से ही सफलता मिलती है। बीएनआई जयपुर स्पोर्ट्स लीग का उद्देश्य उद्यमियों को व्यवसायिक गतिविधियों से इतर एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे खेल भावना के साथ एक-दूसरे से जुड़ सकें और आपसी संबंधों को और मजबूत बना सकें।
बीएनआई जयपुर की एरिया डायरेक्टर नीलम गोयल ने कहा, “आज के व्यस्त व्यावसायिक जीवन में उद्यमियों के लिए आपसी संवाद और व्यक्तिगत संबंधों को मजबूत बनाए रखना भी जरूरी है। यह स्पोर्ट्स लीग व्यवसायियों को बोर्डरूम से बाहर निकलकर खेल के मैदान पर एक साथ आने का अवसर देती है। यहां प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को भी महत्व दिया जाता है। इस तरह के आयोजन समुदाय के सदस्यों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी विश्वास विकसित करने में सहायक होते हैं।
रूवी डिजिटल के फाउंडर एवं डायरेक्टर आलोक शर्मा ने कहा, “किसी भी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने के लिए जुनून, टीमवर्क और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। खेल इन सभी मूल्यों को व्यवहार में प्रदर्शित करने का माध्यम हैं। उद्यमियों को खेल के मैदान पर एक साथ आते देखना और इस आयोजन से जुड़ना हमारे लिए महत्वपूर्ण है।

















