न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण से पहले निर्माणकर्ताओं के पट्टों और दस्तावेजों की होगी जांच:यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा

0
120

जयपुर। न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में कार्रवाई से पहले प्रभावित निर्माणकर्ताओं के पट्टों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही तय होगा कि कौन से निर्माण वैध हैं और कहां अतिक्रमण की स्थिति है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को अपने जयपुर स्थित आवास पर जेडीए और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की। बैठक में जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने अधिकारियों से सड़क चौड़ीकरण के लिए किए गए डिमार्केशन, प्रस्तावित अलाइनमेंट, प्रभावित मकानों और व्यावसायिक संस्थानों की स्थिति तथा स्थानीय लोगों की आपत्तियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन निर्माणकर्ताओं के दस्तावेजों की जांच बाकी है, उनके पट्टों और संबंधित रिकॉर्ड का अध्ययन कर सभी तथ्यों के साथ रिपोर्ट तैयार की जाए। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

चौड़ीकरण के डिमार्केशन और सड़क के प्रस्तावित अलाइनमेंट को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। प्रभावित लोगों का कहना है कि पट्टे और अन्य दस्तावेज होने के बावजूद उनके निर्माणों को चौड़ीकरण की जद में लिया जा रहा है। व्यापारियों ने कार्रवाई से पहले दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच और सड़क की सीमा स्पष्ट करने की मांग की है।

इससे पहले पूर्व यूडीएच मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। उन्होंने इस मुद्दे पर यूडीएच मंत्री खर्रा से भी बातचीत की थी। अब मंत्री खर्रा बुधवार को जेडीए और नगर निगम अधिकारियों के साथ फिर बैठक करेंगे। इसमें दस्तावेजों की जांच, तैयार रिपोर्ट, प्रभावित लोगों की आपत्तियों और प्रस्तावित अलाइनमेंट की समीक्षा होगी। बैठक में जयपुर शहर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here