जयपुर। ऑल राजस्थान दुकानदार महासंघ की ओर से सोमवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब लालकोठी में आयोजित अभिनंदन समारोह में डॉ. राजीव शर्मा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से नियुक्ति का अनुमोदन करते हुए उनका सम्मान किया। वहीं, लोकेश माहेश्वरी (नीलकंठ ग्रुप) को प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा की ओर से नियुक्ति पत्र जारी किया गया।
नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 7340053419 जारी करने की घोषणा की। इस नंबर के माध्यम से प्रदेशभर के दुकानदार जीएसटी संबंधी समस्याओं और अन्य व्यापारिक परेशानियों की जानकारी महासंघ तक पहुंचा सकेंगे। महासंघ इन शिकायतों को संबंधित विभागों और सरकार तक पहुंचाकर समाधान के प्रयास करेगा। इस पहल में विशेष रूप से छोटे दुकानदारों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि महासंघ ‘गो ऑफलाइन दिस ईयर’ थीम के साथ ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के विरोध में ऑफलाइन शॉपिंग को प्रोत्साहित करने का अभियान भी चलाएगा। इसके तहत ग्राहकों को स्थानीय बाजारों और दुकानों से खरीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पारंपरिक व्यापार को बढ़ावा देना, छोटे दुकानदारों के रोजगार और व्यापारिक हितों की रक्षा करना है।
डॉ. राजीव शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से पारंपरिक दुकानदारों के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। महासंघ स्थानीय व्यापार को मजबूत करने और दुकानदारों की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से काम करेगा।
इस दौरान मुख्य संरक्षक डॉ. केएल जैन, प्रदेश अध्यक्ष किशोर कुमार टाक, प्रदेश महामंत्री सुरेश चंद केदावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिमलेश अग्रवाल और झामन टेक चंदानी सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश के छोटे-बड़े व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और व्यापारिक हितों की रक्षा करना है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और दुकानदारों के हित में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

















