जयपुर। प्रियुष हॉस्पिटल में स्पाइन समस्याओं को लेकर अवेयरनेस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीनियर न्यूरोसर्जन डॉ. योगेश गुप्ता ने स्पाइन समस्याओं के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक गलत मुद्रा में बैठना, मोबाइल व लैपटॉप का अत्यधिक उपयोग, भारी वजन उठाना, व्यायाम की कमी और मोटापा स्पाइन समस्याओं के प्रमुख कारण हैं।
गर्दन व कमर में दर्द, हाथ-पैरों में झनझनाहट, सुन्नपन, चलने में परेशानी तथा बार-बार दर्द होना स्पाइन रोग के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि सही पोस्चर, नियमित व्यायाम, योग, संतुलित आहार, कैल्शियम व विटामिन डी का पर्याप्त सेवन तथा धूम्रपान से परहेज स्पाइन को स्वस्थ रखता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच व सही इलाज से सर्जरी से बचा जा सकता है। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विशेषज्ञ से परामर्श लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

















