डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए हर शुक्रवार सरकारी कार्यालयों और चिकित्सा संस्थानों में मनेगा ड्राई डे

0
15

जयपुर। डेंगू-मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर प्रथम ने विशेष पहल की है। इसके तहत जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में प्रत्येक शुक्रवार को ड्राई डे मनाया जाएगा। वहीं आमजन से प्रत्येक रविवार को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में ड्राई डे गतिविधियां करने की अपील की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को चिकित्सा संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में कूलर, पानी की टंकियों, गमलों, छतों और अन्य स्थानों पर जमा पानी को खाली कर मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को समाप्त किया जाएगा। इसके लिए सभी संस्थान प्रभारियों और कार्यालयाध्यक्षों को नियमित रूप से ड्राई डे गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. शेखावत ने आमजन से अपील की कि प्रत्येक रविवार को घरों में कूलर, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायर और अन्य पात्रों में जमा पानी को खाली कर उनकी सफाई करें। उन्होंने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। ऐसे में पानी का ठहराव रोकना बेहद जरूरी है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. मनु शेखावत ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में तथा रविवार को घरों में ड्राई डे की गतिविधियां नियमित रूप से अपनाकर डेंगू-मलेरिया की रोकथाम में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here