संविधान गौरव दिवस पर जयपुर में होगी प्रदेश स्तरीय विचार गोष्ठी, भाजपा ने शुरू की तैयारियां

0
18
A state-level seminar will be held in Jaipur on 'Constitution Pride Day'
A state-level seminar will be held in Jaipur on 'Constitution Pride Day'

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की ओर से आगामी 26 नवम्बर को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय विचार गोष्ठी की तैयारियों को लेकर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई।

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ सारस्वत, भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल एवं जिला महामंत्री नवरत्न नारायणिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, दायित्व वितरण एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा संविधान गौरव दिवस का प्रमुख उद्देश्य भारतीय संविधान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान निर्माताओं के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि विचार गोष्ठी में अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं, प्रबुद्धजनों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा।

मेघवाल जी ने कहा कि संविधान गौरव दिवस के अवसर पर राजस्थान का प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम जयपुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री का मार्गदर्शन प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक विचार गोष्ठी के रूप में आयोजित होगा, जिसमें संविधान की महत्ता, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान एवं संवैधानिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से योजनाबद्ध तरीके से तैयारियां करने तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से संविधान से संबंधित विषयों का अध्ययन कर तथ्यपरक जानकारी समाज तक पहुंचाने की बात कही।

भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी जयपुर शहर को मिलना गौरव की बात है। जयपुर शहर के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटेंगे।

उन्होंने विचार गोष्ठी में लगभग 70 प्रतिशत सहभागिता समाज के विभिन्न वर्गों से आमंत्रित प्रतिनिधियों की सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने प्रदेश नेतृत्व का मार्गदर्शन प्रदान करने तथा अल्प सूचना पर बैठक में उपस्थित हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here