जयपुर। उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन सोमवार को जयपुर प्रथम जिले में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदायका, उप स्वास्थ्य केंद्र विजयपुरा और किशोरपुरा क्षेत्र का निरीक्षण कर मोबाइल टीमों के कार्यों का जायजा लिया।
इसके साथ ही जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मोबाइल टीमों की गतिविधियों और अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। डॉ. शेखावत ने टीमों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे। इसके लिए घर-घर सर्वे कर छूटे हुए बच्चों की पहचान की जाए और उन्हें अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाई जाए। उन्होंने अभियान के दौरान शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सतर्कता और प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया।

















