गोविंद देवजी मंदिर में सात दिवसीय भागवत कथा में सुदामा चरित्र और उद्धव प्रसंग से गूंजा सत्संग भवन

0
7

जयपुर। छोटी काशी के आराध्य ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी के सत्संग भवन में पावन कार्तिक मास के उपलक्ष्य में चल रहे सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का सोमवार को भक्तिमय माहौल में समापन हुआ। गोलोकवासी गोस्वामी अंजन कुमार देव जी महाराज की पावन स्मृति में आयोजित इस ज्ञानयज्ञ के विश्राम दिवस पर श्री राधारमण मंदिर, वृंदावन धाम के गौड़ीय वैष्णव आचार्य वेणुगोपाल गोस्वामी जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के उत्तरार्ध के गूढ़ एवं भावपूर्ण प्रसंगों का रसपान कराया।

अंतिम दिन की कथा में महाराज श्री ने भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका लीला, सुदामा चरित्र, उद्धव प्रसंग, 24 गुरुओं की कथा, नवयोगेश्वर संवाद, राजा परीक्षित मोक्ष, भक्तियोग और भागवत के उपसंहार का विस्तार से वर्णन किया। कृष्ण-सुदामा की मित्रता का मार्मिक चित्रण करते हुए आचार्य वेणुगोपाल गोस्वामी ने कहा कि यह प्रसंग संसार के लिए निष्काम प्रेम, समर्पण और निस्वार्थ भाव का सर्वोच्च आदर्श है।

सुदामा के पास अपने सखा को अर्पित करने के लिए केवल मुट्ठी भर तंदुल (चावल) थे, लेकिन उनके निश्छल प्रेम ने द्वारकाधीश को भी भावविभोर कर दिया। यह प्रसंग सिखाता है कि ईश्वर कभी भी भक्त की भेंट के भौतिक मूल्य को नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपे सच्चे भाव को स्वीकार करते हैं।

उद्धव प्रसंग की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि शुष्क ज्ञान और वैभव की तुलना में प्रेम और भक्ति का स्थान सदैव सर्वोपरि है। ब्रज की गोपियों का श्रीकृष्ण के प्रति अनन्य अनुराग भक्ति की पराकाष्ठा है। अहंकार का त्याग कर प्रभु के चरणों में स्वयं को समर्पित कर देना ही जीवन की सच्ची साधना है। राजा परीक्षित के मोक्ष की कथा सुनाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भागवत श्रवण मनुष्य को मृत्यु के भय से मुक्त कर परमात्मा से जोड़ता है।

जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल भौतिक सुखों का संग्रह नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति अटूट प्रेम विकसित करना है। समापन अवसर पर संगीतमयी भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ सात दिवसीय ज्ञानयज्ञ को विराम दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here