जयपुर। दुर्गापुरा स्थित करीब 350 वर्ष प्राचीन मंदिर श्री राधा मोहन जी में बैकुंठ चतुर्दशी और देव दीपावली की पूर्व संध्या पर भव्य धार्मिक आयोजन किए गए। इस अवसर पर भगवान श्री राधा मोहन जी की सात आकर्षक झांकियां सजाई गईं। मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
आयोजन के तहत मंगला झांकी से लेकर शयन झांकी तक भगवान की सात विशेष आरतियां की गईं। इस दौरान प्रत्येक आरती में भगवान को अलग-अलग प्रकार की विशेष सामग्री अर्पित की गई। राजभोग आरती के दौरान भगवान के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई, जिसके श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं, ग्वाल आरती में भगवान को कच्चे दूध का भोग लगाया गया।
आयोजन का मुख्य आकर्षण शाम को हुई सामूहिक महाआरती रही। इसमें श्रद्धालुओं ने 1100 दीपकों से भगवान श्री राधा मोहन जी की महाआरती की। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर को आकर्षक विद्युत सजावट, फूलों और दीपकों से विशेष रूप से सजाया गया। रात्रि 8:15 बजे पान, नारियल एवं भेंट अर्पित कर शयन आरती संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

















