जयपुर के छात्रों ने बनाया खुद रास्ता खोजने वाला रोबोट

0
16

जयपुर। जयपुर के धारव हाई स्कूल अजमेर रोड के विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यार्थियों की टीम ने आधुनिक सेंसर और रोबोटिक्स तकनीक की मदद से ऐसा स्मार्ट रोबोट तैयार किया है, जो अनजान भूलभुलैया में भी खुद रास्ता खोजकर अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है। विद्यार्थियों के इस आविष्कार को पेटेंट मिला है। वहीं, भारत सरकार की ओर से टीम को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया है।

इस रोबोट की खासियत यह है कि इसे पहले से रास्ते की जानकारी देने की जरूरत नहीं होती। यह अपने आसपास की परिस्थितियों को समझते हुए दीवारों और अन्य बाधाओं की पहचान करता है तथा उपलब्ध रास्तों का विश्लेषण कर सही दिशा का चुनाव करता है। आमतौर पर रोबोट दीवारों के सहारे रास्ता तलाशते हैं, लेकिन विद्यार्थियों का बनाया रोबोट आधुनिक तकनीक के जरिए रास्ते की मैपिंग कर मंजिल तक पहुंचने का बेहतर मार्ग खुद तय करता है।

रोबोट में तीन प्रमुख तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। अल्ट्रासोनिक सेंसर दीवारों और अन्य बाधाओं की दूरी का पता लगाते हैं। एनकोडर फीडबैक इसकी गति और तय की गई दूरी को नियंत्रित करता है, जबकि जाइरोस्कोपिक सेंसर संतुलन बनाए रखने और सही दिशा में मुड़ने में मदद करता है।

इसके अलावा रोबोट में वीएसडी स्क्वाड्रन एफपीजीए मिनी प्रोसेसिंग यूनिट लगाई गई है, जो सेंसर से प्राप्त जानकारी का तत्काल विश्लेषण कर मोटर और रोबोट की दिशा को नियंत्रित करती है। इससे रोबोट रास्ते में आने वाली चुनौतियों के अनुसार तेजी से निर्णय ले सकता है।

इसमें विशेष मैपिंग सिस्टम भी विकसित किया गया है, जो आसपास के रास्तों और संभावित विकल्पों की पहचान करता है। अलग-अलग सेंसर से मिलने वाली जानकारियों के आधार पर रोबोट रास्ते का आकलन करता है और मंजिल तक पहुंचने के लिए उपयुक्त मार्ग चुनता है। इससे मुश्किल रास्तों पर भी बेहतर नियंत्रण और सटीकता के साथ आगे बढ़ना संभव होता है।

धारव हाई स्कूल की प्रिंसिपल निशी धनजल ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासा और तकनीकी ज्ञान को उपयोगी आविष्कार में बदलकर अपनी प्रतिभा साबित की है।

भारत सरकार से मिला एक लाख रुपए का पुरस्कार और आविष्कार को मिला पेटेंट स्कूल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शुरुआत से ही वैज्ञानिक सोच, प्रयोग करने और व्यावहारिक रूप से सीखने की आदत विकसित करना जरूरी है। स्कूल में बच्चों को नई तकनीकों को समझने, प्रयोग करने और रचनात्मक तरीके से समस्याओं का समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

यह प्रोजेक्ट रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रोग्रामिंग और इंजीनियरिंग के व्यावहारिक उपयोग का उदाहरण है। विद्यार्थियों ने कक्षा में सीखी गई तकनीकी जानकारियों को वास्तविक समस्या के समाधान में बदलकर दिखाया है। उनकी यह उपलब्धि स्कूली स्तर पर नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के साथ रोबोटिक्स के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं की क्षमता को भी सामने लाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here