छोटी काशी में देव दीपावली और रास पूर्णिमा की धूम

0
9

जयपुर। कार्तिक मास के समापन पर मंगलवार को छोटी काशी जयपुर में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में आने के कारण इस बार कार्तिक पूर्णिमा का महत्व और भी बढ़ गया है। इस अवसर पर शहर के प्रमुख तीर्थों और मंदिरों में आस्था की डुबकी, हरि-हर आराधना, दीपदान और विशेष श्रृंगार झांकियों के आयोजन होंगे।

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु गलता तीर्थ में आस्था की डुबकी लगाएंगे। स्नान के उपरांत भगवान विष्णु की पूजा, सत्यनारायण व्रत कथा, गीता पाठ, विष्णु सहस्रनाम पाठ तथा ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र के जाप की परंपरा निभाई जाएगी। ज्योतिषाचार्य डॉ. महेन्द्र मिश्रा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है और इस तिथि को भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी जोड़ा जाता है।

मान्यता है कि स्नान के बाद दीपदान करना 10 यज्ञों के बराबर पुण्यदायी होता है। भगवान केशव के समीप अखंड दीप प्रज्वलित करने से दिव्य कांति, धन, यश और कीर्ति की प्राप्ति होती है, वहीं अन्न, धन, वस्त्र और घी का दान करने से कई गुना पुण्य फल मिलता है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसकी खुशी में देवताओं ने काशी में दीप प्रज्वलित कर दिवाली मनाई थी, जबकि ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाया था। इसी परंपरा के तहत जयपुर के आराध्य ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी में मंगलवार को यह उत्सव रास पूर्णिमा के रूप में मनाया जाएगा। मंदिर में ठाकुरजी की रास पूर्णिमा की विशेष झांकी शाम 7:15 से 7:30 बजे तक सजाई जाएगी, जबकि अन्य सभी झांकियों के दर्शन समय यथावत रहेंगे।

देव दीपावली के अवसर पर गलता तीर्थ के घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। इसके साथ ही मोती डूंगरी गणेशजी, अक्षरधाम और इस्कॉन मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख देवालयों में भी संध्या समय दीपदान एवं दीपोत्सव के भव्य आयोजन होंगे। इस तरह छोटी काशी में हरि-हर आराधना, दीपदान और महारास के उत्सव के साथ कार्तिक मास का समापन होगा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here