17वें दिन भी जारी रहा नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति का धरना, आज निकाला जाएगा कैंडल मार्च

0
40

जयपुर। राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति का धरना सोमवार को लगातार 17वें दिन भी सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर जारी रहा। धरने का नेतृत्व के.के. यादव एवं विमल शर्मा ने किया।

समिति के प्रदेश संयोजकों राजेंद्र राणा, नरेंद्र सिंह शेखावत, पवन मीणा, भूदेव धाकड़, कैलाश शर्मा और विनीता शेखावत ने बताया कि सोमवार को नर्सेज प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा शिक्षा आयुक्त बाबूलाल गोयल से मुलाकात कर विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने वादे के अनुसार हटाए गए नर्सेज को पुनः सेवा में लेने तथा मृतक दीपक के परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में प्रशासनिक कार्रवाई की प्रगति की जानकारी ली।

समिति के अनुसार आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों मामलों में प्रशासनिक प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा और किए गए वादों पर शीघ्र कार्रवाई होगी।

संघर्ष समिति ने बताया कि मंगलवार को जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में धरना स्थलों पर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसके साथ ही सभी जिलों के पदाधिकारियों और नेताओं की बैठक आयोजित कर आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here