जयपुर। भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर क्रेडिट कार्ड से लाखों रुपये उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर ठग ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर झांसा दिया और कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए पीड़ित के अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 24 हजार 492 रुपये का फर्जी ट्रांजेक्शन कर लिया।
पुलिस के बताए अनुसार मेजर शैतान सिंह कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय धीरज बंगाली ने बताया कि 29 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एचएसबीसी बैंक का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड के तरह-तरह के फायदे समझाते हुए मौजूदा कार्ड की जानकारी मांगने लगा।
बातचीत के दौरान ही पीड़ित के फोन पर लगातार OTP के मैसेज आने लगे और साथ ही कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिवेट होने का अलर्ट भी आया। संदेह होने पर बुजुर्ग ने तुरंत फोन काट दिया।
फोन कटने के कुछ ही देर बाद पीड़ित के पास फेडरल बैंक से कॉल आया, जहां बैंककर्मी ने पूछा कि क्या वे कोई बड़ा ट्रांजेक्शन कर रहे हैं। पीड़ित द्वारा इनकार करने पर बैंक ने खाते में संदिग्ध गतिविधि की आशंका जताते हुए कार्ड ब्लॉक कर दिया और सुरक्षा के तौर पर मोबाइल को तुरंत फॉर्मेट करने की सलाह दी।
इसके बाद जब पीड़ित ने अपने अमेरिकन एक्सप्रेस क्रेडिट कार्ड के कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि उनके कार्ड से 2,24,492 रुपये की रकम काटी जा चुकी है। बैंक ने बताया कि ट्रांजेक्शन OTP के जरिए हुआ है, हालांकि पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ कोई ओटीपी साझा नहीं किया था। बैंक ने तुरंत कार्ड ब्लॉक कर फिलहाल उस ट्रांजेक्शन को होल्ड पर डाल दिया है।
ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। भट्टा बस्ती थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर 30 सितंबर को आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों व बैंक खातों की जानकारी जुटाकर आरोपी की तलाश में जुटी है।



















