फर्जी दस्तावेजों से एसबीआई को लगाई 48.18 लाख रुपए की चपत

0
37

जयपुर। सांगानेर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 48.18 लाख रुपए का लोन उठाने का मामला सामने आया है। जहां आरोपियों ने फर्जी वेतन प्रमाण पत्र, सैलरी स्लिप और ज्वाइनिंग लेटर के आधार पर बैंक में लोन की फाइलें लगाईं और चार अलग-अलग लोन खातों से रकम उठा ली। इस मामले में मालपुरा गेट थाने में बैंक के ब्रांच मैनेजर की ओर से चार लोगों के खिलाफ अलग-अलग नामजद मुकदमे दर्ज करवाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार सांगानेर के नगर निगम रोड स्थित एसबीआई शाखा के ब्रांच मैनेजर नवनीत निगम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि चार लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक में लोन के लिए आवेदन किया था। इन दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लाखों रुपए के लोन स्वीकृत करवा लिए गए।

चार लोगों ने इस तरह उठाई लोन की रकम

पुलिस के अनुसार अशोक कुमार बैरवा ने 11 लाख रुपए, धर्मराज मीना ने 12.85 लाख रुपए, गौरव नागपाल ने 10 लाख रुपए और तरुण चतुर्वेदी ने 14.33 लाख रुपए का लोन लिया। इस तरह चारों ने कुल 48.18 लाख रुपए की रकम बैंक से उठाई।

फाइलों की जांच में सामने आई गड़बड़ी

बैंक की ओर से चारों आरोपियों की लोन फाइलों की जांच की गई तो आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए। इनमें फर्जी वेतन प्रमाण पत्र, सैलरी स्लिप और ज्वाइनिंग लेटर शामिल थे। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने मालपुरा गेट थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग नामजद मामले दर्ज करवाए।

इस मामले की जांच अलग-अलग जांच अधिकारियों को सौंपी गई है। इनमें एसआई रामकिशोर, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, धोलीबाई और फतेह सिंह शामिल हैं। पुलिस फर्जी दस्तावेजों और लोन प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here