श्री श्याम प्राचीन मंदिर में धूमधाम से मनाया बाबा श्याम का जन्मोत्सव

0
9

जयपुर। रामगंज बाजार स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में श्री कृष्ण श्याम सखा ग्रुप की ओर से देवउठनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया। बाबा श्याम के दर्शन करने और जन्मोत्सव की खुशियों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

मंदिर महंत पं. लोकेश मिश्र ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह बाबा श्याम का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद बाबा को नवीन पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया गया और मनमोहक झांकी सजाई गई। श्री कृष्ण श्याम सखा ग्रुप की अध्यक्ष शालू मिश्रा ने बताया कि बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके बाद 251 दीपकों से महाआरती कर श्रद्धालुओं ने बाबा की आराधना की।

महाआरती के पश्चात भजनामृत सत्संग का आयोजन हुआ। इसमें जयपुर के स्थानीय भजन गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान “माता महलवती के अंगने में श्याम लियो अवतार” और “यो पांडव कुल अवतार बड़ो अलबेलो है” जैसे भजनों की प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भजनों की स्वर लहरियों पर झूमते नजर आए।

जन्मोत्सव के तहत बधाई उत्सव का आयोजन भी किया गया। इसमें कपड़े, खिलौने, सूखे मेवे और फलों की जमकर उछाल की गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य कर बाबा श्याम के जन्म की खुशियां मनाईं। इस अवसर पर बाबा श्याम के समक्ष केक काटकर भी जन्मोत्सव मनाया गया। भजनों पर नृत्य करते श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में उत्सव, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here