जयपुर। शहरों में बढ़ती गर्मी और इमारतों को ठंडा रखने के लिए एयर कंडीशनर पर बढ़ती निर्भरता के बीच एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (एमआईटी-डब्ल्यूपीयू) के विद्यार्थियों ने प्रकृति आधारित कूलिंग तकनीक विकसित करने की दिशा में अनूठा प्रयोग किया है। विद्यार्थियों ने इमारतों की बाहरी दीवारों पर शैवाल, मॉस और सायनोबैक्टीरिया की जीवित जैविक परत विकसित करने की प्रणाली तैयार की है। इससे दीवारों का तापमान प्राकृतिक तरीके से कम करने और पारंपरिक शीतलन प्रणालियों का विकल्प तलाशने की संभावना है।
‘भारतीय जलवायु के लिए निष्क्रिय शीतलन की जैवग्राही फसाड प्रणाली’ नामक इस परियोजना को मोबियस फाउंडेशन और द क्लाइमेट रियलिटी प्रोजेक्ट की ओर से आयोजित ‘यूथ फॉर अर्थ अभियान 2026’ का विजेता घोषित किया गया। नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित आठवें अंतरराष्ट्रीय सस्टेनेबिलिटी एजुकेशन सम्मेलन में टीम को सम्मानित किया गया। परियोजना में बायोइंजीनियरिंग विभाग के चार और कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के दो विद्यार्थियों सहित छह सदस्य शामिल रहे।
पारंपरिक हरित दीवारों के विपरीत इस प्रणाली में मिट्टी और सिंचाई व्यवस्था की जरूरत नहीं होगी। विद्यार्थियों ने पुनर्चक्रित ईंट के चूरे, सिलिका फ्यूम, विस्तारित मिट्टी और काओलिन जैसी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री से छिद्रयुक्त जैविक परत तैयार की है। यह परत शैवाल, मॉस और सायनोबैक्टीरिया को विकसित होने के लिए अनुकूल सतह उपलब्ध कराती है। जैविक परत वाष्पीकरण और सौर छाया के जरिए दीवार की गर्मी कम करने में मदद करती है।
प्रयोग के पहले चरण में पांच ईंटों से दीवार तैयार कर उस पर 10 मिलीमीटर मोटी सीमेंट की परत चढ़ाई गई। इसके बाद स्थानीय हरी शैवाल और क्लोरेला वल्गैरिस की परत लगाई गई। उत्तर दिशा की ओर बनी इस दीवार के तापमान की रीडिंग 7 जून से 7 जुलाई 2026 तक सप्ताह में दो बार ली गई। इसकी तुलना जैविक परत के बिना तैयार की गई समान दीवार से की गई। इस दौरान मानसून से पहले और मानसून के समय के तापमान संबंधी आंकड़े जुटाए गए।
परियोजना के अनुसार नीदरलैंड और बेल्जियम जैसे देशों में हुए शोध में ऐसी प्रणालियों से सतह के तापमान में 30 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। भारतीय जलवायु में इस तकनीक की उपयोगिता और प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है। परियोजना में 15 से 30 डिग्री सेल्सियस तक तापमान घटने की संभावना का अध्ययन भी शामिल है।
परियोजना की मार्गदर्शक और एमआईटी-डब्ल्यूपीयू के बायोइंजीनियरिंग विभाग की प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. शर्बानी कौशिक ने बताया कि शैवाल और सायनोबैक्टीरिया सूर्य के प्रकाश और कार्बन डाइऑक्साइड की मदद से अपना भोजन स्वयं बनाते हैं। इसलिए इन्हें टिकाऊ इमारती परतों के लिए उपयोगी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। टीम का उद्देश्य भारतीय जलवायु में टिकने वाली प्रजातियों और उपयुक्त सामग्री की पहचान करना है।
दूसरी मार्गदर्शक और कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. शीतल कुलकर्णी ने बताया कि परियोजना में बायोइंजीनियरिंग के साथ ऐप विकास और वास्तविक समय में आंकड़ों के प्रदर्शन को भी जोड़ा गया है। इससे विद्यार्थियों को तकनीक और जैविक प्रणालियों के संयुक्त उपयोग से व्यावहारिक समाधान तलाशने का अवसर मिला।
इस परियोजना का उद्देश्य शहरी गर्मी कम करना, यांत्रिक शीतलन पर निर्भरता घटाना, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना और शहरों में जैव विविधता को बढ़ावा देना है। टीम अब इस प्रणाली के दीर्घकालिक टिकाऊपन, अलग-अलग दिशाओं की दीवारों पर इसके प्रदर्शन और राष्ट्रीय भवन संहिता तथा ‘गृह’ हरित भवन मानकों के अनुरूप इसकी उपयोगिता का अध्ययन कर रही है।

















