जयपुर। जयनिवास बाग स्थित मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में शनिवार को देवउठनी एकादशी महोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, पंचामृत अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
श्रीमन्माध गौडेश्वराचार्य महंत मानस गोस्वामी के अनुसार मंगला झांकी से पूर्व ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया। मंगला झांकी के बाद सुबह 6:15 बजे श्रीमन माधव गौड़ेश्वराचार्य मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री सालिग्राम जी (नारायण जी) को चांदी की चौकी पर विराजमान कर मंदिर के दक्षिण-पश्चिम कोने में स्थित तुलसी मंच पर लाकर पंचामृत अभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया।
चांदी के रथ में निकली परिक्रमा
अभिषेक के बाद ठाकुर श्री सालिग्राम जी और तुलसी महारानी की आरती कर भोग अर्पित किया गया। इसके बाद दोनों की चार परिक्रमा की गईं। तत्पश्चात ठाकुर श्री सालिग्राम जी को चांदी के रथ में विराजमान कर मंदिर की परिक्रमा कराई गई। इसके बाद उन्हें पुनः गर्भगृह में ठाकुर श्रीजी के समीप विराजमान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धूप आरती के दर्शन किए।
लाल लप्पा जामा पोशाक में सजे ठाकुर जी
देवउठनी एकादशी पर ठाकुर श्रीजी का विशेष श्रृंगार किया गया। उन्हें लाल रंग की लप्पा जामा पोशाक, विशेष पुष्प, एकादशी के विशेष अलंकार, बड़ा मुकुट और छड़ी धारण कराई गई। इस अवसर पर ठाकुर श्रीजी को विशेष सागरी लड्डू का भोग अर्पित किया गया। मंदिर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कन्यादान की रस्म होगी खास
देवउठनी एकादशी के दिन शनिवार को घरों और मंदिरों में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह की धूम रही। महिलाएं तुलसी के गमलों को चुनरी, फूलों और दीपों से सजाकर गन्ने का विवाह मंडप तैयार किया गया। विवाह में हल्दी, मेहंदी, मंगल गीत, वरमाला, कन्यादान और सात फेरों जैसी पारंपरिक रस्में निभाई गई। कई महिला समूह इस आयोजन को सामाजिक और भावनात्मक स्वरूप भी दिया। जिन परिवारों में बेटी नहीं है, वे तुलसी माता को बेटी मानकर कन्यादान की रस्म निभाई।
पांडे भवन से निकली शालिग्राम जी की बारात
खजाने वालों का रास्ता स्थित पांडे भवन से भगवान शालिग्राम जी की बारात निकाली गई। रथ में वृन्दा रानी यानी तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम जी की आकर्षक झांकी सजाई गई। रामकिशन सैनी ने बताया कि बारात माधो बिहारी जी का आहता, संसार चंद्र रोड स्थित विवाह स्थल पहुंची। यहां गोधूलि बेला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया गया।
शहर के मंदिरों में हुए आयोजन
तुलसी-शालिग्राम विवाह के अवसर पर बजाज नगर राम मंदिर, राम दामोदर जी और गोपीनाथ मंदिर सहित शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन हुए। राधा दामोदर जी मंदिर में छप्पन भोग अर्पित किया गया और तुलसी माता को चुनरी ओढ़ाई गई। इसके अलावा मालवीय नगर, टोंक रोड और जगतपुरा सहित विभिन्न इलाकों के मंदिरों में भी विवाह समारोह आयोजित हुए। घरों में महिलाएं तुलसी माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आरती की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

















