जयपुर/बीकानेर। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा चातुर्मास अनुष्ठान की प्राचीन परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से आयोजित सनातन जागृति महाअभियान के तहत छह दिवसीय महोत्सव उत्साह के साथ जारी है।
भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा और श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 44वें चातुर्मास पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति के क्रम में 21 नवंबर को कोटगेट स्थित श्री धनीनाथ गिरि मठ पंच मंदिर परिसर में भव्य तुलसी विवाह महोत्सव संपन्न हुआ।
महोत्सव के विशेष अनुष्ठान में मुख्य साधक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विष्णु और तुलसी-शालिग्राम का विधिवत पूजन कर तुलसी विवाह संपन्न कराया। मंत्रोच्चार भवानी सेवग ने किया। भगवान का आकर्षक श्रृंगार कर भोग अर्पित किया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा भगवान विष्णु के दशावतार की अभिमंत्रित तस्वीरें भेंट की गईं।
इस अवसर पर हरिद्वार से आए स्वामी मोहनदास महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। अनुष्ठान में पुजारी शिवजी सेवग, भवानी सेवग, वेदशास्त्री पं. प्रकाश शर्मा, रामचन्द्र पंजाबी, पीयूष सोनी, प्रवीण दाधीच, बसंती देवी, उर्मिला देवी, सोनू बाई, सम्पत दायमा, ममता शर्मा, मोनिका शर्मा, सरोज शर्मा और विमला देवी सहित अनेक विद्वान, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महोत्सव के तहत 22 नवंबर को बीकानेर के नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में विशेष पूजन, भोग और प्रसाद वितरण का अनुष्ठान आयोजित होगा। इसमें पुजारीगण, विद्वान और नियमित श्रद्धालु शामिल होंगे। छह दिवसीय महोत्सव 25 नवंबर तक धनीनाथ गिरि मठ कोटगेट, नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर, शिव मठ शिवबाड़ी और श्री कोलायतजी सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में जारी रहेगा। इन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
महोत्सव के अंतिम चरण में 24 नवंबर को बीकानेर के धनीनाथ गिरि मठ कोटगेट परिसर में पूर्णाहुति यज्ञ और विशेष पूजन होगा। वहीं, 24 और 25 नवंबर को संतों के सानिध्य में श्री कोलायत में भव्य महाआरती और दीपोत्सव अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय संकल्प शपथ का आयोजन भी होगा। इन कार्यक्रमों के साथ छह दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
महाअभियान के अंतर्गत श्रद्धालुओं को सवा लाख वैदिक मंत्रों से अभिमंत्रित और पूजित देवचित्र निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इनमें लक्ष्मी-गणेश, माता सरस्वती, शिव दरबार, राम दरबार, हनुमानजी, भगवान विष्णु के दस अवतार, राधा-कृष्ण, दुर्गा माता, भगवान परशुराम, गंगा माता, दधिमती माताजी और भगवान दधीचि के चित्र शामिल हैं। ये चित्र अनुष्ठान स्थलों के साथ निर्धारित वितरण केंद्रों पर भी उपलब्ध हैं।
अनुष्ठान के मुख्य प्रणेता एवं साधक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने सनातन धर्मावलंबियों से छह दिवसीय महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने निकटतम निर्धारित मंदिर केंद्र पर पहुंचकर अभिमंत्रित देवचित्र निःशुल्क प्राप्त करने तथा उन्हें घर-परिवार और व्यवसाय स्थल पर स्थापित करने की अपील की।

















