सनातन जागृति महाअभियान के तहत छह दिवसीय महोत्सव शुरू

0
13
Six-day festival begins under the 'Sanatan Jagruti Maha-abhiyan
Six-day festival begins under the 'Sanatan Jagruti Maha-abhiyan

जयपुर/बीकानेर । भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से संचालित ‘सनातन जागृति महाअभियान’ के तहत छह दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा तथा श्री विप्र महासभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 44वें चातुर्मास पूजन अनुष्ठान की पूर्णाहुति के अवसर पर देवउठनी एकादशी पर जयपुर और बीकानेर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजन और धार्मिक अनुष्ठान किए गए।

महोत्सव के पहले दिन जयपुर के कांतिनगर स्थित प्राचीन शिव हनुमान मंदिर और पोलो विक्ट्री स्थित राधा गोविंद मंदिर तथा बीकानेर के गोगा गेट स्थित रघुनाथ मंदिर और रानी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया।

अनुष्ठान के मुख्य साधक एवं भारतीय संस्कृति एवं सनातन सार्वभौम महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा श्री विप्र महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने भगवान विष्णु और तुलसी-शालिग्राम का विधिवत पूजन किया। भगवान का विशेष श्रृंगार कर भोग अर्पित किया गया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ भगवान विष्णु के दशावतार की अभिमंत्रित तस्वीरें वितरित की गईं।

इस अवसर पर पुजारी रामनारायण शर्मा, दिनेश शर्मा, विजय शर्मा, ब्रज रतन गुप्ता, केशर सिंह राठौड़, पवन स्वामी, प्रवीण दाधीच, श्याम सुंदर पारीक, आशानंद पारीक, कैलाश दाधीच, अविनाश दाधीच, मनीष दाधीच, श्याम सुंदर सेवग, सम्पत दायमा, ममता शर्मा, मोनिका शर्मा, सरोज शर्मा, विमला कंवर और मीनाक्षी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

महोत्सव के तहत 21 नवंबर को बीकानेर के कोटगेट स्थित धनीनाथ गिरि मठ पंच मंदिर में शाम 5 बजे से भव्य तुलसी विवाह महोत्सव आयोजित होगा। इसमें हरिद्वार से आए स्वामी मोहनदास महाराज, पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच, वेद शास्त्री पंडित प्रकाश शर्मा तथा पुजारी शिव शंकर सेवग और भवानी सेवग सहित संत एवं विद्वान शामिल होंगे।

छह दिवसीय अनुष्ठान 25 नवंबर तक धनीनाथ गिरि मठ, नगर सेठ श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर, शिव मठ (शिवबाड़ी) और श्री कोलायतजी सहित विभिन्न प्रमुख मंदिरों में जारी रहेगा। 24 और 25 नवंबर को अनुष्ठान की पूर्णाहुति के अवसर पर पूर्णाहुति यज्ञ, श्री कोलायत में भव्य महाआरती, दीपोत्सव और राष्ट्रीय संकल्प शपथ के आयोजन होंगे।

महाअभियान के तहत सवा लाख वैदिक मंत्रों से अभिमंत्रित एवं पूजित देवी-देवताओं के चित्र श्रद्धालुओं को निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। इनमें लक्ष्मी-गणेश, सरस्वती, शिव दरबार, राम दरबार, हनुमानजी, भगवान विष्णु के दस अवतार, राधा-कृष्ण, दुर्गा माता, भगवान परशुराम, गंगा माता, दधिमती माता और भगवान दधीचि के चित्र शामिल हैं। श्रद्धालु इन चित्रों को अनुष्ठान स्थलों के अलावा निर्धारित वितरण केंद्रों से भी प्राप्त कर सकते हैं।

अनुष्ठान के मुख्य प्रणेता एवं साधक पंडित योगेन्द्र कुमार दाधीच ने सनातन धर्मावलंबियों से छह दिवसीय महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने निकटतम निर्धारित मंदिर केंद्र से अभिमंत्रित देवचित्र प्राप्त कर घर, परिवार और व्यवसाय स्थल पर स्थापित करने का आग्रह किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here