जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने पानी के मीटर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मीटर चोरी करने वाला और चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सात पानी के मीटर और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 200 से अधिक पानी के मीटर चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लेखराज प्रजापत (22) निवासी कुम्हारों का मोहल्ला, बुडाला बस स्टैंड, गोनेर, शिवदासपुरा और इरसाद मियां (38) निवासी कस्बाताल, विदिशा (मध्यप्रदेश), हाल निवासी सुभाष कॉलोनी, मालपुरा गेट, जयपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। उनसे चोरी की अन्य वारदातों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दिन-रात करते थे रैकी, मौका मिलते ही खोल लेते थे मीटर
बजाज नगर थानाधिकारी मुनीन्द्र सिंह के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को मानसिंहपुरा निवासी राकेश, महेश और टीकमचंद ने घरों के बाहर लगे पानी के मीटर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर टोली बनाकर कॉलोनियों में घूमते और घरों के बाहर लगे मीटरों की रैकी करते थे। दिन और रात में उन घरों को निशाना बनाते थे, जहां लोगों की आवाजाही कम रहती थी। मौका मिलते ही मीटर खोलकर चोरी कर लेते और बाद में कबाड़ी को बेच देते थे। चोरी से मिलने वाली रकम से आरोपी अपने शौक-मौज पूरे करते थे।
300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 200 फुटपाथों पर तलाश
वारदातों का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि आरोपी अपने स्थायी पतों पर नहीं रह रहे थे और फुटपाथों पर रहकर लगातार ठिकाने बदलते थे। इसके बाद पुलिस टीम ने रातभर जयपुर के 200 से अधिक फुटपाथों पर एक-एक व्यक्ति की जांच की। खानाबदोश लोगों के ठिकानों पर भी तलाश की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी के मीटर खरीदने वाले कबाड़ी को भी पकड़ लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ज्योति नगर, महेश नगर, प्रताप नगर, रामनगरिया, शिप्रापथ, मानसरोवर, मालवीय नगर और जवाहर सर्किल सहित शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 200 से अधिक वारदातें करना स्वीकार किया है।
कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मोहन सिंह तथा कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, रामवतार, महेंद्र कुमार, राजकिशोर, हेमंत कुमार और राकेश कुमार शामिल रहे। आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने में कांस्टेबल रामवतार और महेंद्र कुमार की विशेष भूमिका रही।

















