देवउठनी एकादशी पर जनता ने भाजपा को उठाकर फेंका: डोटासरा

0
22

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कांग्रेस की जीत को जनता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के तीन साल के शासन को नकार दिया है और चुनाव परिणाम सरकार के कुशासन का जवाब हैं।

डोटासरा ने बताया कि अब तक घोषित 384 पंचायत समिति परिणामों में कांग्रेस ने 289 और भाजपा ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की है। चार जिलों के परिणाम शेष हैं। उन्होंने दावा किया कि 37 जिला परिषदों में से भाजपा केवल पांच में जीत सकी है, जबकि कांग्रेस 26-27 जिला परिषदों में बहुमत हासिल कर चुकी है। पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस को 49.85 प्रतिशत और भाजपा को करीब 29 प्रतिशत सफलता मिलने का दावा भी किया। उनके अनुसार, कांग्रेस भाजपा से पांच प्रतिशत से अधिक मतों से आगे है और शेष परिणाम आने पर यह अंतर 9 से 10 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अपराध और किसानों की समस्याएं बढ़ी हैं। अस्पतालों में प्रसूताओं की मौत, जर्जर स्कूल भवन गिरने से बच्चों की मौत, खाद-बीज की किल्लत, युवाओं पर लाठीचार्ज, छात्रवृत्ति में देरी, पेंशन और विकास कार्यों में बाधा जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में भ्रष्टाचार, अधिकारियों की संपत्तियों और 40 प्रतिशत कमीशनखोरी के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल कांग्रेस को कोसते रहे और जनता की समस्याओं की अनदेखी करते रहे।

उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनावों में परिसीमन और सत्ता के दुरुपयोग से भाजपा ने लाभ लिया था, लेकिन पंचायत चुनावों में जनता ने इसका जवाब दे दिया। मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र में भी पंचायत समिति नहीं बना सके। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में नैतिकता बची है तो उन्हें परिणामों के बाद इस्तीफा दे देना चाहिए। डोटासरा ने घोषणा की कि जनता से किए वादे पूरे नहीं करने के विरोध में कांग्रेस प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन चलाएगी। उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को इसका परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि निकाय चुनावों में मामूली मतों के अंतर को भाजपा ने प्रचंड जीत बताया था, अब उसे अपनी हार पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद या कमजोर किया और उनके नाम बदलने के अलावा कोई ठोस काम नहीं किया। पंचायत चुनाव समय पर नहीं कराने से ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ, जो संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने चुनाव परिणामों के जरिए भाजपा सरकार को जवाब दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here